मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस के साथ एक वर्चुअल बैठक की। इस बैठक के दौरान सीएम मोहन यादव ने राज्य में कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। बैठक में राज्य सरकार की सभी प्रमुख योजनाओं और विकास कार्यक्रमों के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन के संबंध में भी फीडबैक लिया गया।
सीएम के अधिकारियों को निर्देश
बैठक के दौरान सीएम मोहन यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी तीज त्योहारों और सामाजिक-धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। इसके साथ ही कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप के इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाएं, पटाखों की दुकानों के लिए लाइसेंस और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें, और संवेदनशील इलाकों में निगरानी और गश्त बढ़ाएं।
महिलाओं की सुरक्षा पर जोर
सीएम ने महिलाओं की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करें। त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों को रोकने के लिए सघन निरीक्षण अभियान चलाएं और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।












