मध्य प्रदेश के गुना जिले के बरखेड़ा गिर्द गांव में मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिरकत की। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने जनविश्वास शिविर के दौरान ‘नमो ड्रोन दीदी’ किरण के साथ ड्रोन उड़ाया और उनके तकनीकी कौशल और आत्मविश्वास की
सराहना की।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि, नमो ड्रोन दीदी योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से महिलाएं कृषि कार्यों में ड्रोन तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल कर रही हैं।
‘नमो ड्रोन दीदी’ किरण की सराहना
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और आधुनिक तकनीक के विस्तार को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि नमो ड्रोन दीदियां आत्मनिर्भरता के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण की प्रेरणादाई मिसाल बन रही हैं।‘नमो ड्रोन दीदी’ किरण का प्रदर्शन देखकर केंद्रीय मंत्री ने विशेष रूप से किरण के आत्मविश्वास की सराहना की और इस दौरान कहा कि ग्रामीण महिलाओं की ओर से आधुनिक तकनीक को सहजता से अपनाना बदलते भारत की सकारात्मक तस्वीर प्रस्तुत करता है।












