उत्तर प्रदेश ने आम उत्पादन में बड़ा रिकॉर्ड कायम किया है। देश भर में आम उत्पादन में उत्तर प्रदेश नंबर-1 पर आ गया है। जिसे लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौंकाने वाले आँकड़े पेश किए। शुक्रवार को योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश के कुल आम उत्पादन में 26 प्रतिशत का योगदान देता है, जबकि इस फसल के अंतर्गत क्षेत्र का केवल नौ प्रतिशत ही होता है। उन्होंने कहा कि देश मे जब आम की बात होती है उत्तर प्रदेश का अपना स्थान है। नौ प्रतिशत जमीन में 26 प्रतिशत आम का उत्पादन होता है। सात श्रेणियों के 56 वर्गों में 800 से अधिक आम की किस्में है।
दरअसल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि महोत्सव में राज्य भर से आम की लगभग 800 किस्में प्रदर्शित की गई हैं, जिनमें मलिहाबाद से दशहरी, वाराणसी और गोरखपुर से लंगड़ा, बागपत और सहारनपुर से रतोल और बस्ती से आम्रपाली शामिल हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने आम की विविधता को ‘उत्तर प्रदेश की ताकत’ बताते हुए कहा कि प्रत्येक किस्म ‘अपनी मिट्टी की खुशबू और अपने क्षेत्र की मिठास’ को दर्शाती है। इसके अलावा योगी आदित्यनाथ ने आम की खेती की आर्थिक क्षमता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, ‘‘एक एकड़ आम की खेती ने साबित कर दिया है कि एक किसान लगभग 2.5 लाख रुपये की शुद्ध आय अर्जित कर सकता है। अगर हम इसे निर्यात के लिए तैयार करते हैं, तो इसकी ताकत और किसानों की कमाई और भी बढ़ जाती है।
’’मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने निर्यात के लिए आमों की ग्रेडिंग, छंटाई और पैकेजिंग के लिए सहारनपुर, लखनऊ, अमरोहा और वाराणसी में चार आधुनिक आम पैक हाउस स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य से आम अब ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात, मलेशिया, सिंगापुर, कुवैत, न्यूजीलैंड, रूस सहित कई अन्य देशों में निर्यात किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि 2017 में उनकी सरकार के सत्ता संभालने के बाद शुरू किया गया आम महोत्सव किसानों, खाद्य प्रसंस्करण, निर्यात और केंद्र की ‘वोकल फॉर लोकल’ पहल को बढ़ावा देने के अलावा खरीदार-विक्रेता बैठकों की सुविधा और मशीनरी आपूर्तिकर्ताओं, एफपीओ, स्वयं सहायता समूहों, कृषि और बागवानी वैज्ञानिकों के जुटने के लिए एक प्रमुख मंच बन गया है।











