लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोमती पुस्तक महोत्सव-2026 के पांचवें संस्करण का भव्य शुभारंभ किया। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का सीएम योगी ने उद्घाटन किया। बता दें कि यह महोत्सव 12 से 20 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान पुस्तक प्रदर्शनी के साथ साहित्यिक संवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बाल
गतिविधियां, कार्यशालाएं और तकनीक से जुड़े आयोजन होंगे।
साहित्य और ज्ञान के प्रसार को बढ़ावा
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में पुस्तक संस्कृति, शिक्षा, साहित्य और ज्ञान के प्रसार को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। ऐसे में गोमती पुस्तक महोत्सव-2026 का आयोजन भी इन प्रयासों की दिशा में अहम कदम है।
250 पुस्तक स्टॉल लगाए
इस महोत्सव में 250 पुस्तक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें 121 प्रकाशक शामिल हैं। यहां हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, अवधी समेत विभिन्न भारतीय भाषाओं की हजारों पुस्तकें पाठकों के लिए उपलब्ध हैं।
साहित्य, इतिहास, संस्कृति, जीवनी, कला, शिक्षा, आध्यात्मिकता और समकालीन विषयों से जुड़ी पुस्तकों का व्यापक संग्रह यहां देखने को मिल रहा है।
विभिन्न कार्यक्रम होंगे आयोजित
इसके अलावा महोत्सव में प्रत्येक शाम उत्तर प्रदेश की समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाले कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इनमें पारस बैंड की प्रस्तुति, कथक कार्यक्रम, बिरजू महाराज कथक संस्थान की कथक नृत्य-नाटिका रघुवंशम, सुगम संगीत की शाम आदि महत्वपूर्ण कार्यक्रम शामिल है।











