उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में लगातार हो रही भारी बारिश से बड़ा हादसा पेश आया। यहां भरतकूप थाना क्षेत्र अंतर्गत बराछ गांव में बुधवार को तेज बारिश से एक मकान की दीवार ढह गई। इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग मलबे में दब गए। इनमें परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। घर के मालिक समेत दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई है। वहीं महिला और एक बच्ची हादसे में घायल हो गए, जिन्हें आनन फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया है और मृतकों के प्रति गहरा शोक जताया है। सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के मिरदेश दिए। सीएम ने घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
पीड़ित परिवार को हर संभव मदद
इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही हादसे में हुई जनहानि और आर्थिक क्षति का तत्काल आकलन कर 24 घंटे के अदंर नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। अधिकारियों को उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।











