उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के शुभारंभ के बाद अन्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल मीटिंग की। सीएम योगी ने भारत में बेलारूस के राजदूत मिखाइल कास्को और बेलारूस के प्रमुख व्यापारिक घरानों के प्रतिनिधियों के साथ सार्थक चर्चा की। इस दौरान उत्तर प्रदेश में निवेश और कारोबार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
निवेश और नई व्यावसायिक साझेदारियों को बढ़ावा
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि, “हमने उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को बेलारूस की तकनीकी विशेषज्ञता जैसे कि खेती का मशीनीकरण, कृषि उपकरण, खाद्य प्रसंस्करण और डेयरी विकास के साथ जोड़ने के अवसरों पर विचार किया। ‘यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 4.0’ तकनीक के आदान-प्रदान, निवेश और नई व्यावसायिक साझेदारियों को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है।”
नवाचार और रोजगार सृजन की यात्रा
उत्तर प्रदेश, राज्य की औद्योगिक प्रगति, नवाचार और रोजगार सृजन की यात्रा में बेलारूस की अधिक भागीदारी का स्वागत करता है। सीएम योगी ने कहा कि चार वर्ष पहले शुरू की गई पहल के क्रम में बेलारूस ने इस बार भी अपने पवेलियन के माध्यम से उत्तर प्रदेश की औद्योगिक एवं विनिर्माण क्षमता को समझने का अवसर प्राप्त किया है।











