उत्तर प्रदेश की योगी सरकार राज्य में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में योगी सरकार अब अहम पहल करने जा रही है। योगी सरकार के निर्देशों के तहत युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए सेवायोजन विभाग नई पहल करने जा रहा है।
वृहद रोजगार मेले का आयोजन
बता दें कि मुख्यमंत्री रोजगार मिशन के तहत पहली बार प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में वृहद रोजगार मेला लगाया जाएगा। यह वृहद रोजगार मेला प्रत्येक विधानसभा में आयोजित होगा। इस मेले के माध्यम से 500 युवाओं को नौकरी का अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इस पहल के माध्यम से स्थानीय स्तर पर बेरोजगार युवाओं को कंपनियों तक पहुंचने और अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार पाने का मौका मिलेगा।
अलग से बजट का प्रावधान
सेवायोजन विभाग की ओर से विधानसभा स्तर पर रोजगार मेलों के आयोजन के लिए पहली बार अलग से बजट का प्रावधान किया गया है। जिसके तहत प्रत्येक विधानसभा के लिए पांच लाख रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है। बता दें कि विभाग ने 31 मार्च तक विधानसभा स्तर के सभी रोजगार मेलों का आयोजन पूरा करने का का लक्ष्य रखा है।











