उत्तर प्रदेश में बदलते मौसम, भारी बारिश और आंधी-वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। जिसे लेकर योगी सरकार पूरी तरह अलर्ट हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में भारी बारिश और आकस्मिक बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए है। अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने और क्षेत्र में जाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी ने रेड अलर्ट और आकस्मिक बाढ़ की आशंका वाले जिलों में स्कूल बंद रखने को कहा है। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने, आकाशीय बिजली और अतिवृष्टि से हुई क्षति का तत्काल आकलन करने को कहा है। सीएम ने प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के अंदर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
लोगों से सीएम की अपील
इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी ने सभी प्रदेश वासियों से अपील की है कि आकाशीय बिजली और अतिवृष्टि के दौरान अगर जरूरी काम न हो तो घर से बाहर न निकलें। अनावश्यक रूप से घर कोई यात्रा न करें। नदियों और जलाशयों में स्नान करने से बचें और विशेष सावधानी बरतें।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश वासियों के साथ खड़ी है। सीएम ने अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिया है कि लोगों की सुरक्षा के लिए स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार प्रभावी कदम उठाएं और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जाए।
लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जीर्ण-शीर्ण मकानों और झोपड़ियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा है कि ऐसे लोगों को जरूरत के अनुसार निकटतम राहत शरणालय में पहुंचाया जाए, ताकि भारी बारिश या आकस्मिक बाढ़ की स्थिति में उनके जीवन को खतरा न हो।











