उत्तराखंड कैबिनेट की अगली बैठक को लेकर अब स्थिति साफ हो गई है। अब चंपावत के बाद हरिद्वार में कैबिनेट की अगली बैठक आयोजित की जा रही है। जिसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार अब हरिद्वार से विकास और जनसरोकारों का संदेश देगी।
12 अक्टूबर को हरिद्वार में कैबिनेट बैठक
बता दें कि धामी कैबिनेट की अगली बैठक 12 अक्टूबर को सुबह 11 बजे हरिद्वार स्थित सीसीआर भवन के सभा कक्ष में आयोजित होगी। बता दें कि राज्य सरकार के इस फैसले को पर्वतीय क्षेत्रों के साथ मैदानी जिलों को भी सरकार की प्राथमिकताओं के केंद्र में रखने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। वहीं उत्तराखंड विधानसभा का सत्र गैरसैंण में होगा। जो 21 से 24 अक्टूबर तक हो सकता है। हालांकि यह फैसला कैबिनेट की बैठक में ही लिया जाएगा।
मैदानी क्षेत्र के प्रति प्राथमिकता स्पष्ट
प्रदेश की धामी सरकार लगातार समावेशी विकास का संदेश दे रही है। इससे पहले चंपावत में कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई थी। जिससे पर्वतीय क्षेत्र तक शासन के विकेंद्रीकरण का संदेश दिया गया था। वहीं अब हरिद्वार में बैठक आयोजित कर धामी सरकार ने मैदानी क्षेत्र के प्रति अपनी प्राथमिकता भी स्पष्ट की है।












