देवभूमि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके आवास पर तंजानिया स्थित अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करने वाले उत्तराखंड के पर्वतारोही मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत ने भेंट की। इस दौरान सीएम धामी ने दोनों बच्चों को इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। सीएम ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शानदार उपलब्धि के लिए बधाई
सीएम धामी ने कहा कि, “उत्तराखंड के युवा पर्वतारोही, मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत, जिन्होंने तंजानिया में स्थित अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो को सफलतापूर्वक फतह किया, आधिकारिक आवास पर मुझसे मिले। इस मौके पर, दोनों प्रतिभाशाली बच्चों को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।”
चुनौतीपूर्ण चोटी को सफलतापूर्वक किया फतह
सीएम ने कहा, “इतनी कम उम्र में माउंट किलिमंजारो जैसी चुनौतीपूर्ण चोटी को सफलतापूर्वक फतह करना, दोनों बच्चों के अटूट साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास का प्रमाण है। आप दोनों ने इस उपलब्धि से उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। मैं आपके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना करता हूँ।”











