ऊधमसिंह नगर के खटीमा में ‘यूथ कंटेम्पररी डायलॉग’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। इस दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से बातचीत की। सीएम धामी ने शिक्षा, रोज़गार, इनोवेशन, स्वरोज़गार और राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर युवाओं से चर्चा की। जिसमें ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ भी शामिल था।
युवाओं के सवालों को सुना
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि, “इस अवसर पर युवाओं के सवालों और जिज्ञासाओं को ध्यान से सुना गया। उनके समाधान बताते हुए उन्हें लगातार आगे बढ़ते रहने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित भी किया गया।”
युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
सीएम धामी ने कहा कि, “संवाद के दौरान युवाओं की सोच, उनके सपनों और उत्तराखंड के भविष्य को लेकर उनकी सकारात्मक दृष्टि को जानना बेहद प्रेरणादायी रहा। आज का युवा सिर्फ अपने भविष्य के बारे में नहीं बल्कि अपने प्रदेश के भविष्य को लेकर भी सजग और संकल्पित है। उनके सपनों को दिशा देना, उनकी प्रतिभा को अवसर देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है।”












