चंपावत के बनबसा में ‘युवा संवाद कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के प्रगतिशील युवाओं से बातचीत की। सीएम धामी ने सरकार से उनकी अपेक्षाओं, सुझावों और विचारों को जाना। इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा की, “मुझे खुशी है कि हमारे युवाओं के पास उत्तराखंड के लिए एक स्पष्ट विज़न है और वे एक विकसित और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”
कांग्रेस पर साधा निशाना
इस दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सीएम ने कहा कि “तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस समाज को जाति और वर्ग के नाम पर बांटने में जुटी है और युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। लेकिन उत्तराखंड का युवा विकास, रोजगार और अवसर की राजनीति चाहता है, विभाजन की नहीं। कांग्रेस उत्तराखंड में मुस्लिम यूनिवर्सिटी की समर्थक है..! अपने वोट बैंक को खुश करने और तुष्टिकरण की राजनीति के लिए कांग्रेस किसी भी हद तक जा सकती है।”
“मौलाना की धमकी पर कांग्रेस की चुप्पी क्यों”
सीएम धामी ने आगे कहा कि, मौलाना की धमकी पर कांग्रेस की चुप्पी क्यों? देवभूमि को खुलेआम धमकी मिली, लेकिन कांग्रेस नेता चुप हैं। क्या उन्हें डर है कि बोलने से उनका वोट बैंक नाराज़ हो जाएगा? हर मुद्दे पर शोर मचाने वाली कांग्रेस को स्पष्टीकरण देना चाहिए: इस धमकी पर यह सन्नाटा क्यों?”












