भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पठानकोट से पहली “नशा मुक्त पंजाब यात्रा” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा 30 सितंबर को जालंधर में समाप्त होगी। यात्रा की शुरुआत ‘भाजपा का नारा, नशा मिटाना सारा’ के संकल्प के साथ की। इस अवसर पर नितिन नबीन ने नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। जनता को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि पंजाबियों को उड़ता पंजाब नहीं, उभरता पंजाब चाहिए।
नितिन नबीन ने लगाया आरोप
इस अवसर पर नितिन नबीन ने आरोप लगाया कि सत्ता के दम पर भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब करके पंजाब को नशे से बर्बाद किया गया। ऐसे लोगों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि नशा पंजाब की पहचान या ताकत नहीं हो सकता। पंजाब की पहचान उसकी विरासत, विचार और नौजवान होनी चाहिए। पंजाब के लोग खुद नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे।
नशे के खिलाफ लड़ाई का मूल मंत्र
इसके साथ ही नितिन नबीन ने भारतीय जनता पार्टी की नशे के खिलाफ लड़ाई का मूल मंत्र साझा किया। उन्होंने कहा कि नशे के शिकार लोगों का पुनर्वास करना और समाज के सहयोग से नशे के खिलाफ लड़ाई को आगे बढ़ाना उनकी रणनीति का हिस्सा होगा। देश में भारतीय जनता पार्टी जो संकल्प लेती है, उसे पूरा करती है।












