राजस्थान को पीएम मोदी की विकास परियोजनाओं और रोजगार की सौगात

प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान के विभिन्न सरकारी विभागों में भर्ती हुए लगभग 54,000 युवाओं को भी नियुक्ति पत्र सौंपे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के बालोतरा में विकास परियोजनाओं की सौगात दी। प्रधानमंत्री मोदी ने आयोजित एक समारोह में राजस्थान के विभिन्न सरकारी विभागों में भर्ती हुए लगभग 54,000 युवाओं को भी नियुक्ति पत्र सौंपे। सरकारी सेवा का सपना पूरा होने पर पीएम मोदी ने सभी युवाओं को बधाई दी। इस अवसर पर राजस्थान के  मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित राज्य के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, मैं नियुक्ति पत्र पाने वाले सभी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं, और उनका युवा मन राजस्थान के उज्ज्वल भविष्य को और मजबूती देगा, मैं सबको शुभकामनाएं देता हूं।
उन्होंने कहा कि, ये धरती अनगिनत वीरों के शौर्य की साक्षी रही है। इस रण के कण-कण में, कण-कण ने हमें स्वाभिमान को सर्वोपरि रखने की सीख दी है। और स्वाभिमान व्यक्ति का या फिर स्वाभिमान देश का, वो तभी ऊंचा रह सकता है, जब वो आत्मनिर्भर हो, दूसरों पर कम से कम निर्भर हो। आज राजस्थान की इस धरती से भारत ने विकसित होने, आत्मनिर्भर होने की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम उठाया है। आज इस रिफाइनरी को देश को समर्पित किया गया है। इस रिफाइनरी से यहां हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, आज राजस्थान में विकास के कई और भी कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं। आज ही, जोधपुर में नए एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन किया गया है। और मैं सोशल मीडिया में देख रहा था कि नए टर्मिनल का आर्केटेक्चर इंटिरियर, ये सोशल मीडिया में छाया हुआ है। चारों तरफ राजस्थान ही राजस्थान दिख रहा है। ये मारवाड़ में पर्यटन, व्यापार और रोजगार को नई गति देगा। जोधपुर से ही आज उड़ान योजना के नए चरण की भी शुरुआत हुई है। इसके तहत छोटे-छोटे शहर और दूर-दराज के क्षेत्र एयर कनेक्टिविटी से जुड़ेंगे। साथ ही, अब जयपुर में मेट्रो का विस्तार भी होने जा रहा है। 
उन्होनें कहा कि, वहीं अब शेखावटी क्षेत्र के जल संकट को दूर करने का इंतज़ार भी अब खत्म होने जा रहा है। मैं इन सभी प्रोजेक्ट्स के लिए राजस्थान के मेरे भाई-बहनों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़