केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिल्ली में कृषि भवन में मुलाकात की। बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच कई अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने राज्य में विकसित भारत- जी राम जी और अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की और ग्राम स्तर पर हो रहे कार्यों के सकारात्मक परिणामों पर चर्चा की।
अब तक 200 करोड़ रुपए खर्च
बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत कुल 445 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से लगभग 200 करोड़ रुपये का खर्च अभी तक हो चुका है। वहीं शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दूसरी किस्त के रूप में प्रस्तावित 180 करोड़ रुपये की राशि जल्दी ही जारी कर दी जाएगी।
राजस्थान की भूमिका की सराहना
बैठक में केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीबी‑ जी राम जी योजना के क्रियान्वयन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले राजस्थान की जमकर सराहना की। कृषि मंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि योजनाओं के तहत न केवल मजदूरों को रोजगार मिल रहा है, बल्कि बनी हुई परिसंपत्तियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक लाभ भी पहुंचा रही है।
सूक्ष्म सिंचाई योजना का जिक्र
केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान ने प्रधानमंत्री की ओर से संचालित सूक्ष्म सिंचाई योजना के तहत राजस्थान सरकार के प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि राज्य ने इस योजना के अंतर्गत स्वीकृत धनराशि का त्वरित उपयोग किया और पूरी सैंक्शन राशि समय पर खर्च कर दी, जिसके कारण आगे भी राज्य को अतिरिक्त फंड मिल जाएगा।











