प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा के दौरे पर आने वाले हैं। जहां हरियाणा के जींद जिले में पीएम मोदी हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। हरियाणा सरकार में मंत्री रणबीर गंगवा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित हरियाणा दौरे को लेकर जानकारी दी है। उन्होनें कहा कि 17 जुलाई का दिन प्रदेश के लिए ऐतिहासिक होने वाला है। पीएम मोदी जींद में भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे जो जींद से सोनीपत के बीच संचालित होगी।
विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात
इसके अलावा पीएम मोदी अपने दौरे के दौरान कई नई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी कर सकते हैं। मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि पूरे हरियाणा के लिए यह गर्व और खुशी का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर प्रदेश का दौरा करने आ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी का हरियाणा से विशेष लगाव रहा है और उनका हर दौरा प्रदेश के लिए नई सौगातें लेकर आता है।
पीएम के स्वागत के लिए तैयार हरियाणा
मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि पीएम मोदी जब भी हरियाणा आते हैं, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होता है और प्रदेश को विकास की नई सौगातें मिलती हैं। पूरा हरियाणा प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए उत्साहित है और लोग उनके आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।











