मुख्यमंत्री पर्यटन विकास परियोजना को रफ्तार, कोटवा धाम के विकास पर फोकस

बाराबंकी जनपद में कोटवा धाम स्थित सतनाम पंथ के संस्थापक साहेब जगजीवनदास की तपोस्थली पर बने मंदिर परिसर में पर्यटन विकास कार्य किए जाने हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार धार्मिक पर्यटन स्थलों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में बाराबंकी जनपद में कोटवा धाम स्थित सतनाम पंथ के संस्थापक साहेब जगजीवनदास की तपोस्थली पर बने मंदिर परिसर में पर्यटन विकास कार्य किए जाने हैं। यह विकास कार्य 202.51 लाख रुपये की लागत से कराए जाएंगे।

धार्मिक स्थलों का पर्यटन विकास
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि “प्रदेश सरकार सभी धर्मों, पंथों और समुदायों की आस्था का सम्मान करते हुए धार्मिक स्थलों का पर्यटन विकास करा रही है। इसी क्रम में लखनऊ से सटे बाराबंकी के सिरौलीगौसपुर तहसील स्थित कोटवा धाम में जगजीवन दास मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 150 लाख रुपये की राशि जारी की गई है”।

पर्यटन विकास के अंतर्गत होंगे व्यापक कार्य
मुख्यमंत्री पर्यटन विकास परियोजना के तहत श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इस योजना के तहत 60.51 लाख रुपए की लागत से यात्री निवास, 13.07 लाख रुपये से शौचालय ब्लॉक और 36.13 लाख रुपए से चेंजिंग रूम (वस्त्र परिवर्तन कक्ष) का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा भव्य प्रवेश द्वार, म्यूरल वॉल, सजावटी स्तंभ, पेयजल व्यवस्था, मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, जैसे कार्य भी किए जाएंगे।

जन्मोत्सव पर उमड़ती है श्रद्धालुओं की आस्था
माघ शुक्ल पक्ष की सप्तमी को समर्थ साहेब बाबा जगजीवन दास जी का जन्मोत्सव मनाया जाता है। इस अवसर पर कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कोटवा धाम पहुंचते हैं। मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि कोटवा धाम के पर्यटन विकास से श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़