दिल्ली की हवा होगी प्रदूषण मुक्त, “दिल्ली क्लीन एयर प्रोग्राम” ओरिएंटेशन वर्कशॉप का शुभारंभ

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने "दिल्ली क्लीन एयर प्रोग्राम" ओरिएंटेशन वर्कशॉप का उद्घाटन किया।

दिल्ली की हवा को स्वच्छ बनाने के लिए दिल्ली सरकार ने एक और प्रभावी कदम उठाया है। जिसकी शुरुआत दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने “दिल्ली क्लीन एयर प्रोग्राम” ओरिएंटेशन वर्कशॉप का उद्घाटन करके की। वर्ल्ड बैंक और पर्यावरण विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सीएम रेखा गुप्ता ने सबके समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण को कम करने की दिशा में यह कदम बहुत महत्वपूर्ण साबित होने वाला है।

सात साल तक चलेगा कार्यक्रम
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और वर्ल्ड बैंक के सहयोग से इस कार्यक्रम को शुरू किया गया है। जो सात साल तक चलेगा और इसमें 8,300 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। जिसमें वर्ल्ड बैंक 65 प्रतिशत वित्तीय सहायता करेगा और शेष 35 प्रतिशत दिल्ली सरकार खर्च करेगी।

दिल्ली की हवा होगी प्रदूषण मुक्त
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा की दिल्ली सरकार दिल्ली की हवा को प्रदूषण मुक्त करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार के इस उद्देश्य को साकार करने में नई EV पॉलिसी, इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार, 32,000 EV चार्जिंग पॉइंट लगाना,  70 लाख पेड़ लगाना भी मदद करेंगे।

दिल्ली के सभी जिलों में रहेगी लागू
बता दें कि दिल्ली सरकार की यह परियोजना सितंबर 2026 से लागू होगी जो अगस्त 2033 तक चलेगी। दिल्ली के सभी जिलों में ये परियोजना लागू रहेगी। जिसके तहत दिल्ली को स्वच्छ वायु और जलवायु अनुकूल बनाया जाएगा। सीएम रेखा गुप्ता ने जनता से भी इस अभियान में सहयोग की अपील की।  

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़