दिल्ली के 75 सीएम श्री स्कूलों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग परियोजना को लागू किया जा रहा है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल), शिक्षा निदेशालय और एहसास एनजीओ के बीच एक महत्वपूर्ण त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। ‘कैच द रेन’ पहल के अंतर्गत यह समझौता किया गया। यह परियोजना आईजीएल की सीएसआर पहल के अंतर्गत संचालित की जाएगी।
रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम होंगे स्थापित
बता दें कि इस परियोजना के तहत 75 सीएम श्री स्कूलों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए पर्यावरणीय जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जल संरक्षण केवल एक पर्यावरणीय आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है।
सरकारी विद्यालय बनेंगे उत्कृष्ट
सरकारी विद्यालयों को उत्कृष्ट बनाने के लिए दिल्ली सरकार पूरी तरह प्रयासरत है। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता का कहना है कि इन परिजोजनाओं के साकार होने से बच्चों के अभिभावक निजी विद्यालयों के बजाय सरकारी विद्यालयों में अपने बच्चों का प्रवेश करवाएंगे।
75 विद्यालयों तक सीमित नहीं पहल
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल सिर्फ 75 विद्यालयों तक सीमित नहीं रहेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह मॉडल दिल्ली सरकार के लगभग 800 विद्यालयों तक विस्तारित होगा, जिससे राजधानी में व्यापक स्तर पर रेन वॉटर हार्वेस्टिंग और भूजल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।











