सीएम रेखा गुप्ता ने केंद्र सरकार को लिखा पत्र, पीएम-उदय योजना के लिए 100 करोड़ देने का अनुरोध

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीएम-उदय योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केन्द्र से 100 करोड़ रुपये देने का अनुरोध किया है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीएम-उदय योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केन्द्र से 100 करोड़ रुपये देने का अनुरोध किया है। सीएम रेखा गुप्ता ने केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखा। इस पत्र में योजना के लिए केन्द्र सरकार से प्रथम चरण में 100 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह राशि आधुनिक भू-सर्वे एवं मैपिंग प्रणाली डीआरआईएसएचटीआई की स्थापना, जिला स्तर पर पीएम-उदय प्रकोष्ठों के गठन और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के लिए उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

पीएम-उदय प्रकोष्ठ होंगे स्थापित
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पीएम-उदय योजना के क्रियान्वयन की नोडल एजेंसी दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग को बनाया गया है। उन्होंने बताया कि नई जिम्मेदारियों के तहत राजस्व विभाग को दिल्ली के सभी 13 जिलों में पीएम-उदय प्रकोष्ठ स्थापित करने होंगे, जिनका नेतृत्व एडीएम करेंगे।

जनजागरूकता के लिए 10 करोड़ रुपये
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रस्तावित पैकेज में 10 करोड़ रुपये जनजागरूकता एवं प्रचार-प्रसार के लिए भी रखे गए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने पत्र में अनुरोध किया है कि शहरी विकास कोष (यूडीएफ) से प्रथम चरण के लिए 100 करोड़ रुपये के इस पैकेज को स्वीकृति प्रदान की जाए।

जल्द से जल्द फैसला लेने का अनुरोध
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि केन्द्र सरकार से समय पर वित्तीय सहायता मिलने से दिल्ली के लाखों निवासियों को संपत्ति अधिकारों से जुड़े लाभ मिल सकेंगे। मुख्यमंत्री ने पीएम-उदय योजना के सफल क्रियान्वयन में केन्द्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए इस प्रस्ताव पर जल्द से जल्द फैसला लेने का अनुरोध किया है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़