भारतीय सेना भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) का परिणाम घोषित कर दिया गया है। जिन अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया है वो भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट indianarmy.nic.in पर देख सकते है वहीं परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों से अगले चरण की तैयारी करने का आग्रह किया है।
25 जुलाई से शारीरिक दक्षता परीक्षा
यह शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीएफटी) 25 जुलाई से रानीखेत के सोमनाथ मैदान में आयोजित की जाएगी। जो सात अगस्त तक चलेगी। भर्ती कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों के केंद्रीय श्रेणी एवं जोनल श्रेणी के अभ्यर्थियों के साथ ही उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों के अग्निवीर श्रेणी के अभ्यर्थियों की यह परीक्षा आयोजित होगी।
अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की होगी जांच
शारीरिक परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को सभी दस्तावेजों को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। रैली में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड, आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, जाति, स्थायी निवास, अविवाहित एवं चरित्र प्रमाण-पत्र और एक वर्ष के अंदर का ऑनलाइन पुलिस सत्यापन अनिवार्य होगा।
फर्जी दस्तावेज होने पर कार्रवाई होगी
अग्निवीर श्रेणी के कुमाऊनी जाति के अभ्यर्थियों के लिए जाति प्रमाण-पत्र में कुमाऊनी जाति का स्पष्ट उल्लेख होना आवश्यक बताया गया है। इसके साथ ही भर्ती कार्यालय ने चेतावनी दी है कि फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस में शिकायत दर्ज कर उनकी उम्मीदवारी निरस्त कर दी जाएगी।











