दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मॉडल टाउन में मिशन 70 लाख पौधा रोपण महाअभियान में अपनी भागीदारी निभाई। सीएम रेखा गुप्ता ने महाअभियान में हिस्सा लेकर पौधारोपण किया। इस कार्यक्रम में लगभग 1,100 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस अभियान से दिल्ली की हवा साफ होगी। इसलिए प्रत्येक नागरिक को एक पौधा लगाने का संकल्प लेना चाहिए।
विशेष पोर्टल किया शुरू
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में पौधारोपण कार्यक्रम चलाकर अभियान को तेजी देने के प्रयास किए गए हैं। बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 7 जुलाई को मेगा प्लांटेशन ड्राइव की शुरुआत की थी, जिसके तहत दिल्ली सरकार ने जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष पोर्टल-https://greendrive.delhivanmahotsav.in भी शुरू किया है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को पौधारोपण अभियान से जुड़ने की सुविधा दी गई है।
घर पर निःशुल्क पौधे पहुंचाएगी सरकार
वहीं दिल्ली सरकार वृक्ष रथ के माध्यम से नागरिकों के घर पर निःशुल्क पौधे पहुंचाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी को हरित क्षेत्र में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में मॉडल टाउन क्षेत्र में सेंट्रल वर्ज, मेट्रो कॉरिडोर के नीचे और सड़कों के दोनों ओर पौधारोपण किया जा रहा है।











