दिल्ली में अब असम के लोगों के लिए सात समर्पित सुविधाएं बनेगी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि नई दिल्ली में असम के लोगों के लिए जल्द ही सात समर्पित सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सीएम का कहना है कि दिल्ली आने वाले छात्रों, मरीजों, सरकारी अधिकारियों, नौकरी तलाशने वालों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें बेहतर आवास और सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध कराना ही इसका मकसद है।
तीन नए परिसरों का निर्माण
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि मौजूदा असम हाउस के अलावा मध्य दिल्ली और द्वारका में तीन नए परिसरों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली में असम के लोगों के लिए कुल सात समर्पित सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
सांस्कृतिक गतिविधियों को समर्पित
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन नए परिसरों में से एक में नामघर और एक कन्वेंशन हॉल भी बनाया जाएगा। इससे दिल्ली में रहने वाले और आने वाले असमिया समुदाय को सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए एक साझा मंच मिलेगा। सीएम ने कहा कि द्वारका में कार्बी भवन और दिमासा भवन का निर्माण भी जारी है। इन भवनों का उद्देश्य कार्बी और दिमासा समुदाय के लोगों को दिल्ली में आवास के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए समर्पित स्थान उपलब्ध कराना है।
नई परियोजनाओं से बढ़ेगी सुविधा
सीएम ने यह भी कहा कि नई परियोजनाओं के शुरू होने से दिल्ली में ठहरने की क्षमता बढ़ेगी। असम की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए नामघर और कन्वेंशन हॉल जैसी सुविधा को उपलब्ध करवाया जा रहा है। बता दें की नई दिल्ली स्थित असम हाउस लंबे समय से राज्य सरकार के आधिकारिक अतिथि गृह के रूप में कार्य कर रहा है लेकिन नई परियोजनाओं के पूरा होने के बाद यह सुविधा और बढ़ जाएगी।












