उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027: कल बीजेपी का ‘महासम्मेलन’, बूथ अध्यक्षों को देगी जीत का मंत्र

भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में पुरजोर तरीके से जुट गई है।

भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में पुरजोर तरीके से जुट गई है। अपनी रणनीति के तहत भारतीय जनता पार्टी अब सबसे बड़ी चुनावी ताकत माने जाने वाले बूथ अध्यक्षों को ‘बूथ योद्धा’ के रूप में तैयार करने जा रही है। बीजेपी का मानना है कि चुनावी जीत की असली लड़ाई मतदान केंद्र पर लड़ी और जीती जाती है।

बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन
22 जुलाई को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर एक साथ बूथ अध्यक्ष सम्मेलन होगा। जो सिर्फ एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि 2027 के चुनावी रण के लिए बूथ स्तर के ‘किंगमेकर’ तैयार करने का अभियान माना जा रहा है।

कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश
चुनाव को लेकर बीजेपी अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम करेगी। बीजेपी ने चुनावी रणनीति को धार देते हुए संगठन को ‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ के मंत्र पर काम करने का आह्वान किया है। बीजेपी के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव बूथ केंद्रित रणनीति के आधार पर लड़ा जाएगा।

बीजेपी की चुनावी रणनीति क्या?
बीजेपी की चुनावी रणनीति का केंद्र इस बार भी बूथ ही है। संगठन का मानना है कि जिस दल की पकड़ बूथ पर मजबूत होगी, सत्ता की चाबी भी उसी के हाथ होगी। इसलिए बूथ अध्यक्षों को स्थानीय स्तर पर पार्टी का सबसे प्रभावी चेहरा और चुनावी कमांडर बनाया जा रहा है। हर बूथ अध्यक्ष अपने क्षेत्र की संगठनात्मक जानकारी, वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों की सूची तथा बूथ पालक का विवरण लेकर सम्मेलन में पहुंचेंगे। इससे प्रत्येक बूथ का नया संगठनात्मक डाटा तैयार होगा और जवाबदेही भी तय होगी।

मतदाता से संपर्क स्थापित करेगा कार्यकर्ता
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए बीजेपी बूथ स्तर पर किसी तरह की लापरवाही नहीं चाहती है। पार्टी हर बूथ पर ऐसा कार्यकर्ता तैयार करना चाहती है जो मतदान तक मतदाता से लगातार संपर्क बनाए रखे। कार्यकर्ता  सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करे और मतदान के दिन बूथ प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी संभाले।

बूथ अध्यक्षों को देंगे जीत का मंत्र
बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में राष्ट्रीय, प्रदेश और क्षेत्रीय स्तर के पदाधिकारियों की मौजूदगी भी इसी रणनीति का हिस्सा है। वरिष्ठ नेता सीधे बूथ अध्यक्षों को जीत का मंत्र देंगे और उन्हें चुनावी लक्ष्य से अवगत कराएंगे। भाजपा का संदेश स्पष्ट है कि 2027 का विधानसभा चुनाव केवल नेताओं के भाषणों से नहीं, बल्कि बूथ योद्धाओं की सक्रियता से जीता जाएगा।

“मेरा बूथ सबसे मजबूत’ के देंगे टिप्स
बीजेपी के प्रदेश महामंत्री और बूथ सम्मेलन के प्रदेश संयोजक दिलीप पटेल ने बताया कि 22 जुलाई को पूरे उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में बीजेपी बूथ सम्मेलन आयोजित कर रही है। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री, प्रदेश पदाधिकारी विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों में शामिल होंगे। संबंधित क्षेत्र के विधायक और 2022 विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी कार्यक्रम की व्यवस्था की दृष्टि से प्रमुख भूमिका निभाएंगे। और बीजेपी कार्यकर्ताओं को ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ के टिप्स देंगे।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़