दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने ‘परिवर्तन’ योजना को मंजूरी दे दी है। केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ‘परिवर्तन योजना’ को दिल्ली में लागू करने का मकसद है ट्रांसपोर्ट से होने वाले वायु प्रदूषण और नेटवर्क उत्सर्जन को कम करना। इसके लिए दिल्ली सरकार अब वाहन संपत्तियों के तेजी से नवीनीकरण और प्रोत्साहन का कार्य करेगी।
इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने पर फोकस
इस संबंध में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह योजना पुराने और प्रदूषण फैलाने वाले ट्रकों और बसों को हटाकर इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई है। दिल्ली कैबिनेट की बैठक में इस योजना पर विस्तार से चर्चा हुई जिसके बाद इसे दिल्ली में लागू करने के लिए मंजूरी दे दी है।
दिल्ली की हवा होगी साफ
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस योजना के लागू होने से दिल्ली की हवा साफ होगी। इससे राजधानी में स्वच्छ परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। व्यावसायिक वाहनों के आधुनिकीकरण के साथ-साथ वायु प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी।
रियायती मूल्य के बराबर एकमुश्त लाभ
सीएम रेखा गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि अगर नया इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के बजाय पुराना इलेक्ट्रिक वाहन खरीदा जाता है तो लाभार्थी को 10 सालों के लिए 50 प्रतिशत मोटर वाहन कर में छूट दी जाती है। वहीं ब्याज में 5 प्रतिशत की सब्सिडी और ईंधन वाउचर के रियायती मूल्य के बराबर एकमुश्त लाभ दिया जाएगा।
आधुनिक वाहन सड़कों पर उतरेंगे
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस योजना में पुरानी बीएस-IV या उससे नीचे की बसों को भी शामिल किया गया है। इन बसों को केवल बीएस-VI सीएनजी या इलेक्ट्रिक बसों से बदला जा सकेगा और उन्हें भी मालवाहक वाहनों के समान सभी लाभ उपलब्ध होंगे। इससे बड़ी संख्या में पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले व्यावसायिक वाहनों को हटाया जाएगा। जिसकी जगह स्वच्छ और आधुनिक वाहन सड़कों पर उतरेंगे जिससे वायु प्रदूषण में कमी आएगी।











