देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को महिलाओं ने रक्षा सूत्र बांधा। मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेशभर से पहुँची महिलाओं ने सीएम धामी को राखी बांधी। इस दौरान महिलाओं ने सीएम धामी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री धामी ने बहनों का आत्मीयता से स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही सीएम धामी ने सभी प्रदेशवासियों को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दीं।
महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में, हमारी सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य सरकार की सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है”।
‘लखपति दीदी’ योजना को तेज़ी
साथ हीसीएम धामी ने कहा कि, “उत्तराखंड में ‘लखपति दीदी’ योजना को तेज़ी से लागू किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप 3 लाख 09 हज़ार से ज़्यादा महिलाएँ ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। ‘मुख्यमंत्री सक्षम बहना उत्सव योजना’ और ‘मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना’ जैसी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से, हमारी सरकार मातृ-शक्ति को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है”।












