राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेलो इंडिया संवाद- खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से संवाद किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर की लगभग 1600 संस्थाओं से जुड़े 8 लाख से अधिक युवाओं के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर युवाओं और खेल जगत से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं दी। इस दौरान पीएम मोदी ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को भी याद किया।
युवाओं को दिया मंत्र
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि खेल सिर्फ मेडल जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति और खेल शक्ति को जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा, ‘‘जो खेलें, वो खिलें।’’प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक खिलाड़ी की सफलता से उसके परिवार, स्कूल, कॉलेज, जिले और प्रदेश की पहचान मजबूत होती है। पीएम मोदी ने ओलंपिक में भारत की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। पीएम ने कहा कि खेलों में नई संभावनाओं को तलाशकर अलग-अलग क्षेत्रों में विशेष खेलों का इकोसिस्टम विकसित किया जाना चाहिए।
2036 ओलंपिक की तैयारियों का जिक्र
इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2036 ओलंपिक की तैयारियों का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने 5 से 15 वर्ष की आयु के बच्चों की पहचान के लिए बड़े टैलेंट हंट अभियान की बात कही। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि सिर्फ बच्चे की रुचि ही नहीं, बल्कि उसकी क्षमता और उपयुक्त खेल को भी ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए।
पैरा-एथलीट्स की सफलता का जिक्र
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि खेल युवाओं को संघर्ष के बाद फिर उठकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। पैरा-एथलीट्स की सफलता का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे परिवार और समाज को नई प्रेरणा देती हैं। उन्होंने खेल को बेहतर जीवन, फिटनेस और बेहतर गुणवत्ता के लिए जरूरी बताते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने में खेलों की भूमिका पर भी जोर दिया।












