लखनऊ में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी जी की भव्य अश्वारोही प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे। इस दौरान रानी अवंतीबाई लोधी जी के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और उनके व्यक्तित्व से जुड़े मूल्यों को याद किया गया।
सीएम योगी का संदेश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, “लखनऊ में स्थापित वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी जी की अश्वारोही प्रतिमा उनके शौर्य और देश के प्रति समर्पण की स्मृति को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने का माध्यम है। यह प्रतिमा भारतीय नारी-शक्ति के सम्मान, वीरता और तेज की जीवंत प्रतीक है, जो हमें निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने और राष्ट्र-कल्याण के संकल्पों को पूरी शक्ति के साथ साकार करने के लिए प्रेरित करती है।”
नई पीढ़ी को मिलेगी ऐतिहासिक योगदान की जानकारी
बता दें कि लखनऊ में उनकी प्रतिमा की स्थापना से नई पीढ़ी को उनके ऐतिहासिक योगदान के बारे में जानकारी मिलेगी। युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े व्यक्तित्वों को स्मरण करने का अवसर मिलेगा। इस कार्यक्रम के जरिए यह संदेश दिया गया कि रानी अवंतीबाई लोधी जी का साहस और देश के प्रति समर्पण वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके योगदान को याद करते हुए राष्ट्रहित, सामाजिक प्रगति और जनकल्याण के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया गया।












