खटीमा गोलीकांड की बरसी पर शहीद आन्दोलनकारियों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा गोलीकांड की बरसी पर, खटीमा स्थित शहीद स्मारक में उन अमर शहीद राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि दी गई, जिन्होंने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में अमूल्य योगदान दिया था।
‘दुखद घटना को भुलाया नहीं जा सकता’
इस अवसर पर लोकसभा सांसद अजय भट्ट, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या समेत अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे। सीएम धामी ने कहा कि, “खटीमा गोलीकांड उत्तराखंड के इतिहास की वह दुखद घटना है जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस घटना ने राज्य निर्माण आंदोलन को एक नई दिशा दी।”
राज्य आंदोलनकारियों के त्याग के प्रति सम्मान
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, “राज्य आंदोलनकारियों के योगदान और उनके त्याग के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए हमारी सरकार ने राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके आश्रितों को सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ प्रदान किया है। इसके साथ ही आंदोलनकारियों एवं उनके आश्रितों की पेंशन राशि में भी बढ़ोतरी की गई है। अमर शहीदों के सपनों और आकांक्षाओं के अनुरूप सशक्त, समृद्ध और नये उत्तराखण्ड के निर्माण के संकल्प की सिद्धि के लिए हमारी सरकार निरंतर कार्य कर रही है।”











