केंद्र सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग के विशेष अभियान-3 के तहत लंबित पेंशन शिकायतों का निपटारा किया जा रहा है। जो भी लंबे समय से लंबित पेंशन संबंधी 2306 शिकायतें और दावे हैं उनका निपटारा इस अभियान के तहत किया जा रहा है। केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के तहत 3,193 मामलों को समाधान के लिए लिया गया था, जिनमें 2306 शिकायतों और दावों यानी 72 प्रतिशत मामलों का निपटारा हो चुका है। वहीं जो अन्य शेष मामले हैं उनके समाधान के लिए संबंधित मंत्रालयों और विभागों के साथ फॉलोअप जारी है।
7 जुलाई से 31 अगस्त तक चला अभियान
मंत्रालय ने कहा कि विशेष अभियान-3 की शुरुआत 7 जुलाई को हुई थी और यह अभियान 31 अगस्त तक चला। इस दौरान तैयारी चरण में मंत्रालयों, विभागों और उनके संबद्ध कार्यालयों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से प्राप्त लंबे समय से लंबित मामलों की पहचान की। विभाग के अनुसार, निपटाए गए मामलों में बड़ी संख्या ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों की है।
ग्रामीण क्षेत्रों से शिकायतों के समाधान
इसके अलावा ऑनलाइन माध्यमों और सीपीईएनजीआरएएमएस पोर्टल के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों से शिकायतों के समाधान किए गए। जो डिजिटल सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अभियान के दौरान कई सालों से लंबित मामलों में पेंशन और बकाये की बड़ी रकम भी जारी की गई।











