केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गोवा की राजधानी पणजी दौरे पर रहे। इस दौरान अमित शाह ने पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद की 28वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान केन्द्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि उन्नत पर्यटन, उच्च प्रति व्यक्ति आय और खदानों के कारण आर्थिक विकास में अपनी भौगोलिक स्थिति से कहीं अधिक योगदान गोवा का है। उन्होंने कहा कि हाल ही में देश ने वित्तीय वर्ष 2026-2027 की पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की विकास वृद्धि दर दर्ज की है। अमित शाह ने कहा कि पश्चिमी क्षेत्र कई दृष्टिकोणों से अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह क्षेत्र देश का सबसे बड़ा आर्थिक, औद्योगिक और वित्तीय केंद्र है।
कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा
बैठक में सदस्य राज्यों के साथ-साथ देश के लिए भी कई अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इन मुद्दों में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ दुष्कर्म के मामलों की तुरंत जांच और इसके जल्द निपटान के लिए फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालयों का कार्यान्वयन पर चर्चा हुई। इसके अलावा आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली से सम्बंधित मुद्दे, खाद्य सुरक्षा मानकों से संबंधित मुद्दा, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, रेल विकास परियोजना से सम्बंधित मुद्दा, पर्यावरण मंजूरी के मुद्दे पर चर्चा की गई।
बैठक में कौन-कौन रहे शामिल?
इस बैठक के दौरान गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव के प्रशासक प्रफुल्ल के. पटेल शामिल रहे। इसके अलावा भारत सरकार और राज्य सरकारों संघ राज्यक्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी परिषद की बैठक में भाग लिया।












