प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने 3 मल्टी-ट्रैकिंग रेल परियोजनाओं को मंज़ूरी दी है। यह मल्टी-ट्रैकिंग रेल परियोजना पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के 14 जिलों को कवर करेगी। जिसे लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।
3 मल्टी-ट्रैकिंग रेल परियोजनाओं को मंज़ूरी
सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि कैबिनेट समिति ने 3 मल्टी-ट्रैकिंग रेल परियोजनाओं को मंज़ूरी दी है। 10,783 करोड़ की लागत वाली ये परियोजनाएं रेल नेटवर्क का लगभग 656 किलोमीटर तक विस्तार करेंगी और बेहतर रेल कनेक्टिविटी से लगभग 4,790 गांवों और 56 लाख लोगों को लाभ पहुंचाएंगी।
महत्वपूर्ण सौगात के लिए आभार
सीएम ने कहा कि, “मध्य प्रदेश से जुड़ी कटनी से पेंड्रा रोड तक चौथी रेल लाइन और बिलासपुर (उसलापुर) से पेंड्रा रोड तक तीसरी रेल लाइन से रेल कनेक्टिविटी मज़बूत होगी, साथ ही यात्रियों की आवाजाही और माल ढुलाई की क्षमता भी बढ़ेगी। मध्य प्रदेश को इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए सीएम मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है।











