दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुनक नहर पर प्रेम बड़ी पुल के पास बने भव्य छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने छठ घाट पर चल रहे सफाई, सौंदर्यीकरण, लाइटिंग और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी काम तय समय-सीमा के अंदर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
‘विकास के साथ-साथ विरासत’ का संकल्प
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “हमारी कोशिश है कि छठ महापर्व से पहले मुनक नहर साफ-सुथरी, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप तैयार हो। जो नहर कभी उपेक्षा का शिकार थी, वह आज आस्था, व्यवस्था और विकास के एक नए रूप में बदल रही है। यह हमारे ‘विकास के साथ-साथ विरासत’ के संकल्प की पहचान है।”
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को दी जानकारी
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने भी निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और तकनीकी पहलुओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा की। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को अवगत कराया कि प्रेमबाड़ी पुल के पास अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस छठ घाट का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। घाटों पर पक्की सीढ़ियों, चेंजिंग रूम, रोशनी की पुख्ता व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।












