दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में रहने वाले लोगों को सार्वजनिक सुविधा से जुड़ी बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सिंगलपुर गाँव के लेबर चौक पर नवनिर्मित टॉयलेट ब्लॉक को जनता को समर्पित किया है। सरकार के मुताबिक, इस सुविधा के शुरू होने से स्थानीय लोगों को साफ-सुथरे और बेहतर सार्वजनिक शौचालय की सुविधा मिल सकेगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस
इस अवसर पर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “दिल्ली की ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए, आज सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के तहत सिंगलपुर गाँव के लेबर चौक पर नवनिर्मित टॉयलेट ब्लॉक को जनता को समर्पित किया गया। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस टॉयलेट ब्लॉक में दिव्यांगजनों की ज़रूरतों पर विशेष ध्यान दिया गया है और उनकी सुविधा के लिए एक केयरटेकर की भी व्यवस्था की जाएगी। हमारी सरकार साफ़-सुथरी, सुलभ और आधुनिक सार्वजनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।”
सार्वजनिक स्थान पर स्वच्छ सुविधा
दरअसल लेबर चौक क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग रोजाना आते-जाते हैं। ऐसे में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा स्थानीय निवासियों के साथ-साथ राहगीरों और आसपास काम करने वाले लोगों के लिए भी उपयोगी होगी। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि नए शौचालय को आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, ताकि लोगों को सार्वजनिक स्थान पर स्वच्छ और सुविधाजनक सुविधा मिल सके। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा, ज़िला अध्यक्ष अजय खटाना, नगर पार्षद अमित नागपाल, अनीता जैन और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।












