राजधानी दिल्ली में रेखा गुप्ता सरकार के नेतृत्व में विकास को रफ्तार मिल रही है। राजधानी में अगले एक महीने के दौरान 13,800 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत होगी। बता दें कि यमुना की सफाई और कायाकल्प के साथ सड़क, बिजली, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।
दिल्ली में चलेगा सेवा संकल्प अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। दिल्ली सरकार सरकार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक यह अभियान चलाएगी। इस अभियान की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इसमें अकेले दिल्ली जल बोर्ड की करीब 8,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं। सीएम ने बताया कि सरकार का सबसे बड़ा फोकस यमुना के कायाकल्प पर रहेगा। इन परियोजनाओं के जरिए जल और उससे जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा।
विभिन्न विभागों की बड़ी परियोजनाएं शामिल
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना दिल्ली की आस्था से जुड़ी है। इसकी सफाई एक दिन में पूरी होने वाली परियोजना नहीं है। अभियान के दौरान इससे संबंधित कार्यों को गति देने का प्रयास किया जाएगा। अभियान में विभिन्न विभागों की बड़ी परियोजनाएं भी शामिल हैं। जिनमें सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग की 265 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण या शिलान्यास होगा। वहीं लोक निर्माण विभाग की करीब 2,800 करोड़ रुपये और बिजली विभाग की 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं भी शुरूकी जाएंगी।
रक्तदान शिविर लगाया जाएगा
इसके अलावा 17 सितंबर को दिल्ली में बड़ा रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। जिसमें 2,500 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य है। बुजुर्गों और श्रमिकों के लिए अलग-अलग स्थानों पर स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जाएंगे। आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।












