भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मध्य प्रदेश के दौरे पर रहे। जहां से नितिन नबीन भाजपा के ड्रग-विरोधी अभियान में हिस्सा लेने के लिए पंजाब रवाना हुए। इससे पहले उज्जैन में उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुए कई अहम मुद्दों पर बयान दिए। नितिन नबीन ने इस दौरान आरोप लगाया कि पंजाब के युवाओं खासकर किसान परिवारों के युवाओं को नशे की लत की ओर धकेला गया है । नितिन नबीन ने दावा किया कि राजनीतिक संरक्षण में यह समस्या पनपी है। ड्रग्स की बढ़ती समस्या के कारण पंजाब की युवा पीढ़ी “दिशाहीन” हो गई है।
ड्रग्स की लत की ओर धकेला
नितिन नबीन ने कहा, “पंजाब की युवा पीढ़ी ने राज्य की पहचान बनाने में अहम भूमिका निभाई है, उसे ड्रग्स की लत की ओर धकेल दिया गया है , जिसके कारण वो अपनी दिशा से भटक गई है।” नितिन नबीन ने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब में राजनीतिक दलों ने चुनावी फायदे के लिए ड्रग्स के मुद्दे को उठाया, लेकिन सत्ता में आने के बाद इसे हल करने में नाकाम रहे। उन्होंने कहा, “आज मेरा मानना है कि वहां की राजनीतिक पार्टियों ने भी ड्रग्स के मुद्दे को सिर्फ सत्ता हासिल करने के लिए उठाया और सत्ता में आने के बाद इसे एक कारोबार की तरह इस्तेमाल किया और अपनी गतिविधियों का केंद्र बना लिया। ये सब राजनीतिक संरक्षण में चलता रहा।”
युवाओं में ड्रग्स की लत के मुद्दे पर बात
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब में ड्रग्स की समस्या को एक बड़े सामाजिक और राजनीतिक मुद्दे के तौर पर पेश करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में नितिन नबीन पार्टी के ड्रग-विरोधी कार्यक्रम में शामिल होंगे और युवाओं में ड्रग्स की लत के मुद्दे पर बात करेंगे।












