मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंत्रालय में अहम बैठक की। बैठक में मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस की तैयारियों के लिए मंथन किया गया। बैठक में अधिकारियों को ज़रूरी निर्देश और गाइडलाइंस दी गईं।
‘समृद्ध किसान-समृद्ध राज्य’ की थीम
साल 2026 को ‘समृद्ध किसान-समृद्ध राज्य’ की थीम के तहत ‘किसान कल्याण वर्ष’ के तौर पर मनाया जा रहा है। सीएम मोहन यादव ने कहा कि, “स्थापना दिवस के कार्यक्रमों में कृषि विकास, आधुनिक और प्राकृतिक खेती, और कृषि से जुड़े नए प्रयोगों पर ध्यान दिया जाना चाहिए, साथ ही बेहतरीन काम करने वाले किसानों, उद्यमियों और युवाओं को सम्मानित किया जाना चाहिए।”
ज़्यादा से ज़्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित
सीएम मोहन यादव ने कहा कि, “ज़िला स्तर पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ ज़िलों की उपलब्धियों और वहां के खास उत्पादों को दिखाया जाना चाहिए। यह राज्य का त्योहार है, इसलिए सभी कार्यक्रमों में ज़्यादा से ज़्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। राज्य स्तरीय समारोह लाल परेड ग्राउंड में होगा, जहाँ ‘विकसित मध्य प्रदेश-2047’, ‘एक ज़िला-एक उत्पाद’, पारंपरिक कलाओं, मंदिर वास्तुकला, ऋषि परंपरा, विरासत से विकास और कृषि उपलब्धियों पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी।”












