‘आयुष्मान भारत -प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ के 8 साल पूरे होने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी लाभार्थियों को बधाई दी है। सीएम धामी ने कहा कि, “स्वस्थ भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई ‘आयुष्मान भारत – प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ ने लाखों परिवारों को इलाज के आर्थिक बोझ से मुक्त किया है। इस ऐतिहासिक योजना के 8 साल पूरे होने पर सभी लाभार्थियों और देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।
5 लाख तक के कैशलेस इलाज की सुविधा
सीएम धामी ने बताया कि, “देवभूमि उत्तराखंड में भी, ‘अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना’ के माध्यम से परिवारों को 5 लाख तक के कैशलेस इलाज की सुविधा दी गई है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक, जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद मिली है, और ‘नेशनल पोर्टेबिलिटी’ की वजह से देश भर के सूचीबद्ध अस्पतालों में इलाज की सुविधा भी उपलब्ध है।”
‘अंत्योदय’ की भावना का सशक्त उदाहरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “यह सिर्फ़ एक स्वास्थ्य योजना नहीं है, बल्कि ‘अंत्योदय’ की भावना का एक सशक्त उदाहरण है, जिसमें देश के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के स्वास्थ्य और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।” सीएम धामी ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए इलाज को सुलभ, कैशलेस और सम्मानजनक बनाने वाली इस जन-कल्याणकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक धन्यवाद दिया।











