‘होप संस्था’ यानि (हाउस ऑफ पॉलिटिकल एम्पावरमेंट) की ओर से शिकोहाबाद स्थित आराध्या गार्डन में “युवा नीति संवाद- उत्तर प्रदेश (डिकोडिंग द ग्रासरूट्स)” का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ‘चर्चा, विचार-विमर्श और विकास’ की थीम पर आधारित था। इस महासंवाद में 800 से ज्यादा युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। “ज़मीनी स्तर की बातचीत से एक मज़बूत उत्तर प्रदेश की ओर” की मूल भावना के साथ इस कार्यक्रम में आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षा, रोज़गार, कौशल विकास, उद्यमिता, तकनीक, सामाजिक सुरक्षा और स्थानीय विकास जैसे अहम विषयों पर युवाओं ने अपनी नीतिगत प्राथमिकताओं पर खुलकर मंथन किया।
युवा लोकतंत्र के सक्रिय भागीदार
कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रवक्ता होप संस्था के संस्थापक डॉ. दिग्विजय सिंह, हंसराज कॉलेज दिल्ली में प्रवक्ता डॉ. प्रभांशु ओझा, आदर्श कृष्ण कॉलेज, शिकोहाबाद के पूर्व प्राचार्य प्रो. मौकम सिंह, शिकोहाबाद के पालीवाल कॉलेज में प्रवक्ता डॉ. एमपी सिंह, अधिवक्ता राहुल यादव और पर्यावरणविद् दीपक गौरी ने शिरकत की। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि युवाओं को सिर्फ सरकारी योजनाओं के लाभार्थी तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि नीति-निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।
नए भारत के निर्माण में अहम भूमिका
प्रवक्ता डॉ. प्रभांशु ओझा ने कहा कि समाज में कोई भी नई क्रांति और रचनात्मकता युवाओं की ही देन है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नए भारत के निर्माण के सपने में युवाओं की अहम भूमिका है। सरकार की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का लाभ उठाकर गांव- देहात के युवा भी यूपीएससी जैसी परीक्षाएं पास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में राज्य युवा आयोग की स्थापना की घोषणा की है, जो युवाओं की दिशा बदलने में एक बड़ा कदम साबित होगा।
सकारात्मक बदलाव पर संवाद जरूरी
होप संस्था के संस्थापक डॉ. दिग्विजय सिंह ने युवाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संस्था का सीधा प्रयास उत्तर प्रदेश के युवाओं की आकांक्षाओं को सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि समाज में दो तरह की विचारधाराएं हैं- एक सकारात्मक जो अवसर खोजकर निर्माण कर रही है, और दूसरी नकारात्मक जो युवाओं को भटकाकर सड़क पर लाना चाहती है। बदलाव प्रकृति का नियम है। बिना नीतिगत बहस के किसी भी समाधान का निकलना संभव नहीं है। कृषि चौपाल के बाद अब अगले तीन महीनों तक पूरे प्रदेश में युवाओं की बात सरकार तक पहुंचाने का यह अभियान जारी रहेगा।











