उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सरकारी आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 138वां एपिसोड सुना। ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के सीमावर्ती इलाकों और वहां के नागरिकों का विशेष रूप से ज़िक्र किया।
माणा गांव से जनगणना की शुरुआत का ज़िक्र
पीएम मोदी ने चमोली के माणा गांव से जनगणना की शुरुआत का ज़िक्र किया, जिसे देश के पहले गांव के तौर पर पहचान मिली है। माणा में जनगणना की शुरुआत 83 वर्षीय पूर्णिमा रावत के साथ हुई। वहीं, उत्तरकाशी के बागोरी गांव में होमस्टे चलाने वाले हरदेव सिंह राणा ने डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कराई और जनगणना प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
‘पीएम की तारीफ़ गर्व की बात’
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, “उत्तराखंड के सीमावर्ती गांवों के नागरिकों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ़ हमारे लिए गर्व की बात है। इससे पता चलता है कि देवभूमि के सीमावर्ती गांव आज आधुनिक तकनीक और विकास की नई धारा से लगातार जुड़ रहे हैं। उन्होंने ‘एक ज़िला, एक उत्पाद’ (ODOP) जैसी अनूठी पहलों का भी ज़िक्र किया। निश्चित रूप से, उत्तराखंड में यह योजना राज्य के सभी 13 ज़िलों के खास स्थानीय उत्पादों को नई पहचान, बाज़ार और व्यापक मंच दिलाने में अहम भूमिका निभा रही है। इससे हमारे पारंपरिक उत्पादों, स्थानीय कौशल और पहाड़ी अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिल रही है।”











