उत्तर प्रदेश की योगी सरकार युवाओं के रोजगार को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। युवाओं को नौ वर्ष में नौ लाख सरकारी नौकरी देने के अभियान योगी सरकार ने चलाया है। इसी अभियान के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरित किया। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सीएम योगी ने 11 नवचयनित अधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिया।
1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को दिए नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री योगी मिशन रोजगार के तहत भी उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान सीएम योगी ने नवनियुक्त अधिकारियों और उनके परिजनों को बधाई दी। सीएम ने कहा कि आयोग ने निष्पक्ष और शुचितापूर्ण चयन प्रक्रिया समय सीमा में पूरी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, सरकारी नौकरी देने में निष्पक्षता और ईमानदारी के कारण उत्तर प्रदेश की अगल पहचान बन गई है। युवाओं का भर्ती प्रक्रिया पर अब भरोसा बढ़ा है।
समाजवादी पार्टी पर बोला हमला
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। सरकारी नौकरियों और गांवों के विकास को लेकर सीएम योगी ने कहा कि जिन लोगों ने नौजवानों के हक पर डकैती डाली, दलितों को योजनाओं से वंचित रखा और पिछड़ों का हक मारा, वही आज नए स्लोगन के साथ गिरगिट की तरह रंग बदल रहे हैं।












