दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सेवा संकल्प अभियान के तहत केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम में आयोजित ‘सफाई मित्र सुरक्षा और सम्मान कैंप’ में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार और केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा भी मौजूद थे। इस कैंप में सफाई मित्रों, स्वच्छताग्रहियों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य जांच की सुविधा दी गई। इसके साथ ही उन्हें केंद्र और दिल्ली सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ और PPE के साथ-साथ सुरक्षा किट भी प्रदान किए गए।
समर्पण ही स्वच्छ दिल्ली की असली ताकत
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि, “हमारे सफाई मित्र अपनी कड़ी मेहनत और सेवा-भाव से हर दिन दिल्ली को साफ़ और सुंदर बनाते हैं। उनका समर्पण ही स्वच्छ दिल्ली की असली ताकत है। मैं दिल से आपकी सेवा को सलाम करती हूँ और आपके अथक योगदान के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद करती हूँ। आपका सम्मान, सुरक्षा और कल्याण हमारी सरकार का संकल्प है।” बता दें कि यह पहल स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा, कल्याण और सम्मान सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवा, सुरक्षा उपकरणों और सामाजिक सुरक्षा तक उनकी पहुंच को मजबूत करने के प्रति सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह सामूहिक भागीदारी की भावना और ‘स्वच्छ भारत’ व ‘विकसित भारत’ के विजन को भी मजबूत करती है।
सामूहिक प्रतिबद्धता को दोहराया
इस मौके पर दिल्ली नगर निगम के मेयर श्री प्रवेश वाही और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। इस कार्यक्रम के तहत, प्रतिभागियों की ओर से एनएमबीए (नशा मुक्त भारत अभियान) से संबंधित शपथ भी ली गई। इसके जरिए नशा-मुक्त समाज बनाने और नशीले पदार्थों के सेवन के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता फैलाने के प्रति अपनी सामूहिक प्रतिबद्धता को दोहराया। इस शपथ से सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत और लोगों व समुदायों को ‘नशा मुक्त भारत’ के विजन में योगदान देने के लिए प्रोत्साहन मिला।











