मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल में अहम बैठक की। BJP के प्रदेश कार्यालय में सीएम मोहन यादव की अध्यक्षता में प्रदेश कोर कमेटी की बैठक संपन्न हुई। बैठक में राज्य की जन-कल्याणकारी योजनाओं और नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन, जनहित से जुड़े मुद्दों और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कल्याणकारी और विकास कार्यों की समीक्षा
इस बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री और नव-नियुक्त प्रदेश प्रभारी श्री बिप्लब कुमार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सह-प्रभारी रेखा वर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर का परिचय भी कराया गया। बैठक में राज्य सरकार के कल्याणकारी और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही संगठन और सत्ता के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया गया। इसके अलावा बैठक में आगामी कार्यक्रमों, सांगठनिक विस्तार और पार्टी की पहुंच को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के लिए रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में कौन-कौन शामिल?
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेश प्रभारी और सांसद बिप्लब कुमार देब, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर सहित पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।












