मध्य प्रदेश में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई 29 सितंबर की इस कैबिनेट बैठक में अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी। कैबिनेट बैठक में प्रदेश के समग्र विकास और जनहित को गति देने के लिए लगभग 24 हजार 500 करोड़ रुपये से ज्यादा की विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।
अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण का फैसला
इसके अलावा मंत्रिपरिषद ने प्रदेश की वर्दीधारी सेवाओं में अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण देने का भी ऐतिहासिक फैसला लिया है। कैबिनेट के फैसले के अनुसार अब गृह विभाग के अंतर्गत आरक्षक (सामान्य ड्यूटी) की भर्ती में होमगार्ड को 10, भूतपूर्व सैनिक को 5 और अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।
गणवेश की राशि 348 करोड़ 7 लाख रुपये मंजूर
इसके साथ ही कैबिनेट ने सत्र 2026-27 में कक्षा 1 से 8 तक शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र और छात्राओं के लिए गणवेश की राशि 348 करोड़ 7 लाख रुपये की मंजूर की है। कैबिनेट ने अतिथि शिक्षकों के मानदेय प्रदाय संबंधी योजना को आगामी 5 सालों 2026-27 से 2030 -31 तक निरंतर संचालन के लिए 5,329 करोड़ 17 लाख रुपये की स्वीकृति दी है।
सिंगरौली में 605 बेड का बनेगा जिला अस्पताल
कैबिनेट ने जिला चिकित्सालय सिंगरौली में अतिरिक्त 155 बिस्तरों की बढ़ोतरी कर दी है। इन कार्यों के लिए 372 करोड़ 12 लाख रुपये की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति दी है। जिला चिकित्सालय के क्षेत्रफल वृद्धि और 450 बिस्तर से 605 बिस्तरीय अस्पताल भवन सहित अन्य कार्य के फलस्वरूप लागत में वृद्धि होने से 372 करोड़ 12 लाख रुपये की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है.
ड्रग रेग्युलेटरी सिस्टम के सुदृढीकरण पर फोकस
इसके साथ ही कैबिनेट ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग अंतर्गत तीन योजनाओं के 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक निरंतर संचालन के लिए 3,245 करोड़ 80 लाख रुपये की मंजूरी दी है। इस फैसले के अनुसार प्रदेश के सामुदायिक स्वास्थ्य, उप स्वास्थ्य और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के भवन निर्माण से संबंधित योजना के लिए 3,113 करोड़ 27 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।












