देवभूमि उत्तराखंड में धामी सरकार के नेतृत्व में स्थानीय सिनेमा की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। सरकार की नई फिल्म नीति के कारण अब उत्तराखंड फिल्म शूटिंग के लिए पसंदीदा राज्य बन गया है। उत्तराखंड में बड़े बैनर की हिंदी फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग बढ़ने के साथ ही स्थानीय सिनेमा को भी अब पंख मिल गए हैं।
नए अवसरों के खुले द्वार
पहले राज्य के युवाओं को फिल्मों में जगह बनाने के लिए मुंबई का रुख करना पड़ता था। लेकिन अब धामी सरकार की नई फिल्म नीति ने न सिर्फ प्रदेश को फिल्म शूटिंग का पसंदीदा गंतव्य बनाया है। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और फिल्म निर्माताओं के लिए भी नए अवसरों के द्वार खोल दिए हैं।
सरकार की आकर्षक सब्सिडी नीति
इस नई नीति का असर पर्दे पर दिखने के साथ-साथ ही कैमरे के पीछे काम करने वालों पर भी पड़ा है। अभिनय, कैमरा, मेकअप, लाइन प्रोडक्शन और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं के लिए अवसर बढ़े हैं। देवभूमि की प्राकृतिक सुंदरता, बेहतर सड़क और हवाई संपर्क और सरकार की आकर्षक सब्सिडी नीति से यह परिणाम देखने को मिल रहे है। इसका सबसे बड़ा लाभ उन युवाओं को मिल रहा है, जिन्हें अब अभिनय, तकनीकी कार्य, लाइन प्रोडक्शन और फिल्म निर्माण में अपने ही प्रदेश में काम मिल रहा है।











