दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘मुख्यमंत्री जन सेवा सदन’ में दिल्ली की विभिन्न रामलीला कमेटियों के सदस्यों से मुलाकात की। इस अवसर पर सीएम रेखा गुप्ता को सभी सदस्यों ने अपनी-अपनी रामलीलाओं में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर लिखा कि, “दिल्ली की रामलीला हमारी आस्था, हमारी संस्कृति और भगवान श्री राम के उन मूल्यों की जीवंत परंपरा है जो पीढ़ियों से चले आ रहे हैं।”
प्रणालियों को और प्रभावी बनाया जा रहा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि, “पिछले साल, हमारी सरकार ने रामलीला आयोजनों को आसान बनाने के लिए ‘सिंगल विंडो अप्रूवल सिस्टम’, समय-सीमा वाली NOC और उच्च-स्तरीय समन्वय व्यवस्था शुरू की थी। इस साल, इन प्रणालियों को और भी प्रभावी बनाया जा रहा है ताकि सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल बना रहे। हमारे चुने हुए प्रतिनिधि भी रामलीला कमेटियों के साथ लगातार संपर्क में रहेंगे।”
दिल्ली सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “भगवान राम की कथा दिल्ली में पूरी शान-ओ-शौकत और भव्यता के साथ गूंजे, रामलीलाओं का आयोजन बिना किसी रुकावट के हो और सनातन की यह पवित्र परंपरा पीढ़ी-दर-पीढ़ी और मजबूत होती जाए, इसके लिए हमारी सरकार रामलीला कमेटियों के साथ पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राम हमारी आस्था, हमारे आदर्श और भारत की आत्मा हैं।”











