DRDO यानि रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन के अंतर्गत अनुसंधान केंद्र इमारत RCI में ग्रेजुएट, टेक्नीशियन और ट्रेड उत्तीर्ण उम्मीदवारों से अप्रेंटिसशिप के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसलिए जो भी उम्मीदवार डीआरडीओ में बतौर अप्रेंटिसशिप के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक हैं वे ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर अप्रेंटिसशिप के लिए अप्लाई कर सकते हैं।
कुल 195 योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति
बता दें कि इस भर्ती के जरिये कुल 195 योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी। जिसमें ग्रेजुएट उम्मीदवारों के लिए कुल 50 पद, टेक्नीशियन के लिए कुल 30 पद और ट्रेड उत्तीर्ण उम्मीदवारों के लिए कुल 115 पद आरक्षित किए गए हैं।
आयु सीमा निर्धारित
इसके साथ ही उम्मीदवारों के लिए आयु सीमा भी तय की गई है। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों की आयु 18 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए। बता दें कि उम्मीदवारों की आयु की गणना 01 सितंबर, 2026 के आधार पर की जाएगी।
आवेदन के लिए पात्रता
इसके अलावा अप्रेंटिसशिप के लिए सिर्फ वे उम्मीदवार ही आवेदन करने के पात्र होंगे, जिन्होंने स्नातक, डिप्लोमा या आईटीआई में 70 प्रतिशत या 7.5 या इससे अधिक सीजीपीए प्राप्त किया हो। इसके अलावा ग्रेजुएट अप्रेंटिसशिप में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों ने मान्यता प्राप्त संस्थान से बीई या बीटेक पूरा किया होना चाहिए। तकनीकी अप्रेंटिसशिप में आवेदन करने के लिए डिप्लोमा और ट्रेड अप्रेंटिसशिप में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों ने आईटीआई किया होना चाहिए।












