उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब परिसर में आयोजित सफाई कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान सीएम धामी ने श्रमदान किया। सीएम धामी ने गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब में मत्था टेकने के बाद राज्य के लोगों की खुशी, समृद्धि और भलाई के लिए प्रार्थना की।
विभिन्न कार्यक्रम किए जा रहे आयोजित
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से पूरे राज्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया गया है। इसके तहत सेवा, जन-भागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
सार्वजनिक स्थानों पर सफाई के प्रयास
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, “हमारा राज्य धर्म और पर्यटन के नज़रिए से एक महत्वपूर्ण राज्य है ऐसे में न सिर्फ धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर, बल्कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पताल, सरकारी कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी सफाई बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जाने चाहिए।”











