पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं को लेकर एक बार फिर गरमा गई है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पराली की समस्या को लेकर एक बाद फिर अरविंद केजरीवाल और पंजाब की भगवंत मान सरकार पर जमकर निशाना साधा।
पंजाब सरकार की नाकामी
सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि, “केजरीवाल ने कहा था कि मुझे एक साल दें और मैं पंजाब में पराली जलाने की समस्या खत्म कर दूंगा। एक के बाद एक कई साल बीत गए। पराली जलना बंद नहीं हुआ, बस केजरीवाल के झूठ की उम्र लंबी होती गई। तरनतारन में फिर से पराली जलाई गई है। केंद्र सरकार ने फंड दिया, मशीनें दीं, सब्सिडी दी और हर ज़रूरी मदद पहुंचाई। फिर भी, भगवंत मान और केजरीवाल की ‘AAP’ सरकार किसानों को ज़मीनी स्तर पर कोई असरदार विकल्प नहीं दे पाई। यह संसाधनों की कमी नहीं है यह सरकार की नाकामी है।”
‘AAP’ सरकार की लापरवाही
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “जब वे दिल्ली में सत्ता में थे, तो केजरीवाल पंजाब पर उंगली उठाते थे। अब जब पंजाब में उनकी अपनी सरकार है, तो वे जवाब देने से भाग रहे हैं। दिल्ली की जनता ने उन्हें सत्ता से बेदखल कर दिया तो क्या अब उनकी हताशा दिल्ली वालों की सांसों पर ज़ुल्म बनकर निकलेगी? हम दिल्ली की हवा को बेहतर बनाने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं और ज़मीनी स्तर पर टेक्नोलॉजी और नए समाधान लागू कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, ‘AAP’ सरकार की लापरवाही का धुआं पंजाब से उठकर दूसरे राज्यों की हवा में ज़हर घोल रहा है।”











