उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चुने गए कुल 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इनमें 43 सब-इंस्पेक्टर (सिविल पुलिस), 295 कॉन्स्टेबल (सिविल पुलिस) और 132 कॉन्स्टेबल (PAC) शामिल हैं।
कुल 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर की। जिसमें उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में हुनर, उपलब्धियों के लिए सम्मान और देश की सेवा में प्रतिभा को आगे बढ़ने के मौके यही ‘नए उत्तर प्रदेश’ की नई खेल संस्कृति है। इसी संस्कृति को आगे बढ़ाते हुए सीएम योगी कुल 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
उत्तर प्रदेश में 2017 के बाद स्थिति बदली
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि, “खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी के ये खुलते दरवाजे उस बदलाव की तस्वीर भी पेश करते हैं जो उत्तर प्रदेश ने 2017 के बाद से देखा है। इससे पहले खेल कोटे को नज़रअंदाज़ किया जाता था और भर्तियों में प्रतिभा के बजाय सिफारिशों और जान-पहचान की ज़्यादा चर्चा होती थी।”
खिलाड़ियों को सीएम योगी ने दी बधाई
सीएम योगी ने सभी चयनित खिलाड़ियों को उनके सुनहरे भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि, “डबल-इंजन सरकार ने खेल प्रतिभाओं को रोज़गार और सुरक्षित भविष्य से जोड़ा है। नतीजतन, अब तक विभिन्न विभागों में 534 से ज़्यादा खिलाड़ियों की सीधी भर्ती हो चुकी है, जबकि उत्तर प्रदेश पुलिस में 866 अन्य खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया भी चल रही है।”












